विधायक अरिजीत राय की पहल पर सेन रेले बी ब्लॉक में घरेलू पेयजल कनेक्शन कार्य शुरू
बराबानी:बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के सेन रेले बी ब्लॉक के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में आज से हर घर में पेयजल का हाउस कनेक्शन देने का काम आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया गया है।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा नेता अभिजीत राय विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने कार्य का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों को बधाई दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिजीत राय ने कहा कि भाजपा के स्थानीय विधायक अरिजीत राय ने चुनाव के दौरान क्षेत्र की जनता से हर घर पानी पहुँचाने का वादा किया था। विधायक बनने के महज 15 दिनों के भीतर ही उन्होंने अपने इस वादे को जमीन पर उतार दिया है और आज से पाइपलाइन के जरिए घरों में कनेक्शन जोड़ने का काम शुरू हो गया है।पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए युवा नेता ने कहा कि पिछले 15 सालों तक इस क्षेत्र के लोगों को जानबूझकर बुनियादी सुविधाओं और साफ पानी से वंचित रखा गया था। जनता पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही थी। लेकिन क्षेत्र में भाजपा का विधायक चुनकर आते ही विकास की गति तेज हो गई है और पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधायक अरिजीत राय के नेतृत्व में आने वाले दिनों में भी पूरे बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में इसी तरह विकास कार्यों की झड़ी लगी रहेगी और हर बुनियादी जरूरत को पूरा किया जाएगा। इस मौके पर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।











