भ्रष्टाचार मुक्त 50 टीएमसी कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ, राहुल गांधी को पीएम बनाने का संकल्प
आसनसोल: आसनसोल के गिरजा मोड़ स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। यहाँ आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 46 और 47 के लगभग 50 सक्रिय टीएमसी कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस दलबदल कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुईतुंडी, शाह आलम और पार्षद एस. एम. मुस्तफा समेत कई अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।भ्रष्टाचार मुक्त छवि के कार्यकर्ताओं का स्वागतकांग्रेस में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए नेता प्रसनजीत पुईतुंडी ने कहा कि आज जिन 50 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली है, उन पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं है। ये ऐसे जमीनी कार्यकर्ता हैं जिन्हें देखकर जनता ‘चोर-चोर’ नहीं कहती और न ही बाहर निकलने पर लोग इन पर गुस्सा निकालते हैं। पुईतुंडी ने दावा किया कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे भारत में भाजपा के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ही सबसे बड़ा और मजबूत चेहरा बनकर उभरेंगे। इस दलबदल को उन्होंने एक बड़ी शुरुआत बताया।टीएमसी नेतृत्व पर बरसे कांग्रेस नेतावहीं, कांग्रेस नेता शाह आलम ने तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं ने हमेशा पूरी निष्ठा के साथ टीएमसी के लिए काम किया, लेकिन बड़े नेताओं ने सिर्फ इनका इस्तेमाल किया। टीएमसी के बड़े नेता खुद भ्रष्टाचार में डूबे रहे और जनता के काम ठप पड़े रहे। शाह आलम ने कहा कि कांग्रेस में शामिल हुए सभी कार्यकर्ता साफ-सुथरी छवि के हैं, जिन्होंने हमेशा जनता के हितों को सर्वोपरि रखा है। अब ये सभी कार्यकर्ता मिलकर आगामी चुनावों में राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरेंगे।










