जनसेवा के साथ मनाया विधायक कृषनेन्दु मुखर्जी का जन्मदिन
आसनसोल उत्तर विधानसभा के विभिन्न इलाकों में एक दिवसीय नि:शुल्क शरबत वितरण, टोटो-ऑटो चालकों व भाजपा कार्यकर्ताओं की पहल
आसनसोल, आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कृषनेन्दु मुखर्जी के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में एक दिवसीय नि:शुल्क शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस जनसेवा कार्यक्रम में राहगीरों, श्रमिकों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को शरबत वितरित किया गया।
यह कार्यक्रम हीरापुर, चित्रा, कुमारपुर, गोपालपुर, रेलपार, कल्ला, दीपूपाड़ा, उषाग्राम, मुर्गाशोल, बस्तीन बाजार, इस्माइल, मोहिशीला, चेलीडंगाल, हाटन रोड, गिरजामोड़, गोराई रोड, कोर्ट मोड़, जुबली तथा डंगाल समेत कई क्षेत्रों में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन टोटो, ऑटो और बस चालकों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं एवं विधायक कृषनेन्दु मुखर्जी के समर्थकों द्वारा किया गया। आयोजकों ने बताया कि विधायक के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण के माध्यम से मनाने की परंपरा के तहत यह पहल की गई है।
आयोजकों का कहना था कि विधायक कृषनेन्दु मुखर्जी क्षेत्र के लोगों के बीच अपनी सक्रियता और जनसंपर्क के लिए लोकप्रिय हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर लोगों की सेवा करने और गर्मी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण किया और आयोजकों की इस पहल की सराहना की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना भी की।










