बराकर से लापता युवक 12 घंटे में झारखंड से बरामद, एक लाख की फिरौती मांगने का आरोप; पुलिस की तत्परता से बची जान
बराकर:बराकर चेकपोस्ट डाक बंगला इलाके से लापता 23 वर्षीय युवक जयदेव सिंह को बराकर फाड़ी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर झारखंड के चिरकुंडा से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में युवक के परिजनों ने अज्ञात अपहरणकर्ताओं द्वारा एक लाख रुपये की फिरौती मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।भोर में आया फिरौती का फोन युवक के पिता महादेव सिंह ने बताया कि उनका बेटा शुक्रवार रात से अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार भोर करीब 3 बजे जयदेव के मोबाइल से परिजनों को एक फोन आया। जयदेव ने घबराए हुए स्वर में बताया कि कुछ अज्ञात लोग उसे बंधक बनाकर एक लाख रुपये की फिरौती मांग रहे हैं। इसके तुरंत बाद फोन कट गया। अनहोनी की आशंका से डरे परिजनों ने बिना वक्त गंवाए मामले की सूचना बराकर फाड़ी पुलिस को दी।लोकेशन ट्रेस कर झारखंड पहुंची पुलिस अपहरण और फिरौती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत रेस हो गया। एसीपी जावेद हुसैन और कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से जयदेव के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो झारखंड के चिरकुंडा इलाके की मिली।बराकर फाड़ी की मुस्तैदी से मिली कामयाबी इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में बराकर फाड़ी के प्रभारी अंजन कुमार रजक और एएसआई असीम चक्रबर्ती ने अत्यंत सराहनीय और सक्रिय भूमिका निभाई। लोकेशन मिलते ही दोनों अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई की और झारखंड के चिरकुंडा स्थित लोयोला स्कूल के पास एक होटल के सामने पहुंचे। वहां जयदेव सिंह अत्यधिक नशे की हालत में मिला। पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे सुरक्षित अपनी कस्टडी में लिया और बराकर फाड़ी लेकर आई।सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि युवक को सुरक्षित बचा लिया गया है और फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। इसके लिए मोबाइल के कॉल डिटैल्स (CDR) और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए पुलिस अभी विस्तृत जानकारी साझा करने से बच रही है।परिजनों ने जताया आभार, पुलिस की अपील जयदेव के सुरक्षित लौटने पर राहत महसूस कर रहे परिजनों ने कुल्टी पुलिस और बराकर फाड़ी की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है। वहीं, कुल्टी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल या ऐसी अप्रिय घटना की स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत पुलिस को सूचित करें और किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन न करें।










