रामपुर MVI महाघोटाला: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 लाख कैश और खुफिया डायरियों के साथ दलाल बबलू भंडारी दबोचा
कुल्टी: रामपुर MVI चेकपोस्ट पर चल रहे अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के काले साम्राज्य पर कुलटी थाना पुलिस ने एक और बड़ा प्रहार किया है। दो भ्रष्ट एमवीआई अधिकारियों के निलंबन व गिरफ्तारी और ‘मामा होटल’ के मालिक अभिजीत घोष के जेल जाने के बाद, अब पुलिस के हाथ इस रैकेट की सबसे अहम कड़ी लगी है। एसीपी (कुलटी) जावेद हुसैन के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने गुरुवार शाम चौरंगी फांड़ी क्षेत्र के चलबलपुर गांव में सुनियोजित छापेमारी कर मुख्य दलाल बबलू भंडारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।बबलू भंडारी के आवास पर घंटों चली सघन तलाशी के दौरान पुलिस ने ₹5 लाख से अधिक की बेहिसाब नकदी, दो मोबाइल फोन और कई गोपनीय डायरियां बरामद की हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन डायरियों में अवैध लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े सफेदपोशों के नामों का कच्चा चिट्ठा होने की प्रबल आशंका है। बरामद डिजिटल डेटा और दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है, जिससे इस रैकेट में शामिल कई अन्य रसूखदारों के बेनकाब होने की उम्मीद है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे औद्योगिक क्षेत्र के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।पुलिस अब इस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस भ्रष्टाचार कांड में कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।








