धनबाद में फिर भू-धसान से मचा हड़कंप, एक दर्जन से अधिक घर जमींदोज,
करीब एक दर्जन लोग घायल
धनबाद, धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में शनिवार को भू-धसान की बड़ी घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अचानक जमीन धंसने से एक दर्जन से अधिक घर इसकी चपेट में आ गए। इनमें एक दो-मंजिला मकान भी देखते ही देखते जमीन में समा गया। हादसे में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खदान में ब्लास्टिंग के कुछ देर बाद इलाके में तेज कंपन महसूस हुआ। इसके बाद अचानक जमीन में दरार पड़ने लगी और देखते ही देखते कई मकान धंस गए। घटना के बाद लोगों में चीख-पुकार मच गई और जान बचाने के लिए लोग अपने घरों से बाहर निकलने लगे।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
भू-धसान के बाद स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मलबे और क्षतिग्रस्त मकानों से लोगों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस, बीसीसीएल और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
BCCL और प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा बीसीसीएल और जिला प्रशासन के खिलाफ फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि इलाके में लगातार ब्लास्टिंग और भूमिगत खनन के कारण जमीन कमजोर हो रही है और इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों के तत्काल पुनर्वास, उचित मुआवजे और सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की है। लोगों ने खनन प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से पूरे इलाके का जायजा लिया जा रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि भू-धसान का दायरा कितना बड़ा है और कितने मकान इसकी चपेट में आए हैं। घटना के बाद धनबाद के खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।








