ईसीएल मुख्यालय पर इंटक का प्रदर्शन, मजदूरों की मांगों को लेकर गरजे नेता
कुल्टी : कोलियरी मजदूर यूनियन (इंटक) ने मंगलवार को सांकतोड़िया स्थित ईसीएल मुख्यालय के समक्ष विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनियन नेताओं ने मजदूरों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रबंधन के समक्ष मांगों की सूची रखी।
इंटक ने कोयला मजदूरों के लिए 12वें वेतन समझौते को शीघ्र लागू करने और वार्षिक बोनस का तत्काल भुगतान करने की मांग की। नेताओं ने नए श्रम कानून लागू नहीं करने तथा मजदूरों को एचपीसी दर से वेतन व बोनस देने की भी मांग उठाई।
इसके अलावा एमडीओ व्यवस्था बंद करने और छह माह की सेवा पूरी करने वाले नए मजदूरों को सभी निर्धारित सुविधाएं एवं लाभ पूर्ववत देने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों से जुड़े अन्य मुद्दों का भी शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान इंटक के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।










