दुर्गापुर, 28 अगस्त: कांकसा के राजबांध स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के हॉस्टल में शुक्रवार दोपहर प्रथम वर्ष के एक मेडिकल छात्र की मौत से सनसनी फैल गई। मृत छात्र की पहचान 20 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। वह बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक हॉस्टल के एक कमरे में अपने सहपाठी के साथ रहता था। शुक्रवार को उसका सहपाठी नमाज पढ़ने गया था। वापस लौटने के बाद उसने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन को सूचना दी गई और कांकसा थाने की पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया, जहां अभिषेक को गंभीर हालत में पाया गया। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कॉलेज प्रबंधन ने घटना की जानकारी अभिषेक के परिजनों को दे दी है। बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता दुर्गापुर के लिए रवाना हो रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के असिस्टेंट जनरल मैनेजर शुभंकर भट्टाचार्य ने बताया कि अभिषेक अपने एक सहपाठी के साथ हॉस्टल के कमरे में रहता था। सहपाठी के नमाज के लिए बाहर जाने के दौरान यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि छात्रों की परीक्षा भी नजदीक थी, लेकिन घटना के पीछे क्या कारण रहा, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है।
वहीं, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर रासप्रित सिंह ने बताया कि हॉस्टल के कमरे से मेडिकल छात्र का शव बरामद हुआ है। परिवार को सूचना दे दी गई है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।










