हथिया की बारिश से सड़क बेहाल, ब्रिज के पास आवागमन मुश्किल
सांकतोड़िया : भादो माह में हथिया नक्षत्र की जोरदार बारिश ने डिसरगढ़ इलाके में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। हथिया नक्षत्र के तीसरे दिन शुक्रवार को सुबह से शाम तक हुई बारिश के बाद डिसरगढ़ स्थित दामोदर नदी के दोनों किनारे पानी से भर गए। लगातार बारिश से नदी का जलस्तर भी बढ़ा है।
इधर, डिसरगढ़ ब्रिज के समीप मुख्य सड़क की स्थिति बारिश के कारण खराब हो गई है। सड़क की जमीन का एक हिस्सा खुला पड़ा रहने से वहां पानी और कीचड़ जमा हो गया है। इससे राहगीरों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान इस मार्ग पर फिसलन बढ़ जाती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हालांकि, ब्रिज के पास सड़क का निर्माण कराया गया है, लेकिन बारिश के बाद जलजमाव की समस्या सामने आ गई है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति सुधारने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।










