दुर्गा पूजा से पहले कुल्टी में स्वच्छता पर सख्त हुए नगर आयुक्त
सड़क पर कचरा फेंकना गैरकानूनी, लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
कुल्टी। दुर्गा पूजा से पहले कुल्टी क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आसनसोल नगर निगम ने कमर कस ली है। नगर आयुक्त दिलीप मिश्रा ने कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बोरो नंबर 8, 9 और 10 के सफाईकर्मियों, सुपरवाइजरों, इंस्पेक्टरों एवं निर्मल साथी की टीम के साथ मैराथन बैठक कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा से पहले पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाया जाए और कहीं भी कचरे का अंबार नजर नहीं आना चाहिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बोरो और वार्ड में जरूरत के मुकाबले पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मी मौजूद हैं। इसके बावजूद यदि सफाई व्यवस्था में कमी मिलती है तो अटेंडेंस और मॉनिटरिंग से जुड़ी गड़बड़ियों को तत्काल दूर किया जाएगा।
सड़क किनारे कचरा डालने पर सख्ती
दिलीप मिश्रा ने सड़क किनारे कचरा जमा करने को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि चार ईंट लगाकर सड़क किनारे गारबेज प्वाइंट बनाना सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल, 2016 के खिलाफ है। ऐसे सभी अवैध कचरा प्वाइंट को हटाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन या सड़क किनारे कचरा फेंकना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दुकानदारों के लिए भी नियम सख्त
नगर निगम की ओर से दुकानदारों को भी अपनी दुकान में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है। निगम की गाड़ी दुकानों से कचरा उठाएगी। वहीं, बड़ी मात्रा में कचरा उत्पन्न करने वाले मंडी एवं बड़े दुकानदारों को नियमों के अनुसार अपने स्तर पर कचरे के प्रसंस्करण की व्यवस्था करनी होगी।
मंदिरों के लिए विशेष व्यवस्था
सार्वजनिक स्थलों और मंदिरों से निकलने वाले फूल-पत्तियों के कचरे के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए अलग डस्टबिन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि फूल-पत्तियों जैसे जैविक कचरे का उपयोग कर अगरबत्ती सहित अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकें।
नगर आयुक्त दिलीप मिश्रा ने सख्त लहजे में कहा कि घर-घर से कचरा उठाया जाएगा और उसे एकत्र कर तत्काल निस्तारित किया जाएगा। जमीन या सड़क किनारे कचरा फेंकना गैरकानूनी है। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य दुर्गा पूजा से पहले कुल्टी क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और लोगों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना है।










