कुल्टी कॉलेज का मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने किया औचक निरीक्षण, समस्याएं सुन हाईमास्ट लाइट का किया उद्घाटन
कुल्टी:पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने शुक्रवार को कुल्टी कॉलेज का दौरा कर वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के बुनियादी ढांचे, शिक्षा के माहौल और शैक्षणिक प्रबंधन का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मंत्री पोद्दार ने कॉलेज के प्रोफेसरों, प्रबंधन समिति के सदस्यों और छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने कॉलेज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को बेहद गंभीरता से सुना। सभी पक्षों को आश्वस्त करते हुए मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में कॉलेज को और अधिक उन्नत, समृद्ध और आधुनिक बनाने के लिए सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। बुनियादी सुविधाओं में जो भी कमियां हैं, उन्हें जल्द दूर किया जाएगा।परिसर में हाईमास्ट लाइट की सौगात, बढ़ेगी सुरक्षादौरे के दौरान मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने कॉलेज परिसर में एक नई हाईमास्ट लाइट का भी औपचारिक उद्घाटन किया। इस लाइट के लग जाने से अब पूरा कॉलेज परिसर रात के समय दूधिया रोशनी से सराबोर रहेगा। प्रबंधन और छात्रों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और देर शाम तक कॉलेज में रहने वाले छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं को काफी सहूलियत मिलेगी।










