सेवा सेतु शिविर में उमड़ा लाभार्थियों का हुजूम, दशरथ यादव की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने संभाला मोर्चा
अन्नपूर्णा, आयुष्मान भारत और वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों को फार्म भरने से लेकर जमा कराने तक मिली मदद
कुल्टी। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत कुल्टी के विभिन्न इलाकों में आयोजित जनकल्याण शिविर के अंतिम दिन लाभार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। अन्नपूर्णा योजना, आयुष्मान भारत और वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित कार्यों को लेकर बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे।
लाभार्थियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भाजपा नेता दशरथ यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिविर में मोर्चा संभाल लिया। कार्यकर्ताओं ने लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ फार्म भरने, आवश्यक जानकारी दर्ज कराने और आवेदन जमा करने में सहयोग किया।
भाजपा नेता दशरथ यादव ने कहा कि कुल्टी के विधायक एवं राज्य के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार के निर्देश पर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता लगातार लोगों की सहायता के लिए शिविर में मौजूद रहे। उनका उद्देश्य है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा योजना के जिन लाभार्थियों के बैंक खाते में अब तक राशि जमा नहीं हुई है, उनका पंजीकरण क्रमांक और आवश्यक विवरण लिया जा रहा है, ताकि संबंधित मामलों को आगे बढ़ाकर लाभार्थियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ दिलाया जा सके।
दशरथ यादव ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहकर सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से भाजपा कार्यकर्ता सेवा सेतु अभियान के माध्यम से लोगों के साथ खड़े हैं। शिविर में उमड़ी भीड़ के बीच कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार लोगों की सहायता किए जाने से लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में काफी सहूलियत मिली।










