Dastak Jo Pahunchey Har Ghar Tak

Share on facebook
Share on twitter
Share on whatsapp
Share on email

आधी रात धधका बहुमंजिला आवासन, धुएं के बीच पुलिस बनी ‘रक्षक’! नियामतपुर में पार्किंग में भीषण आग से मचा हड़कंप, पुलिस की तत्परता से बची कई जानें—6 बाइक और कार जलकर खाक

Share on facebook
Share on twitter
Share on whatsapp
Share on email
ASANSOL DASTAK ONLINE DESK

ASANSOL DASTAK ONLINE DESK

आधी रात धधका बहुमंजिला आवासन, धुएं के बीच पुलिस बनी ‘रक्षक’!

नियामतपुर में पार्किंग में भीषण आग से मचा हड़कंप, पुलिस की तत्परता से बची कई जानें—6 बाइक और कार जलकर खाक

कुल्टी। आधी रात जब लोग गहरी नींद में थे, तभी नियामतपुर चौकी के पीछे स्थित एक बहुमंजिला आवासन की पार्किंग में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा इलाका घने धुएं से भर गया। लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस की नजर पड़ने से एक बड़ा हादसा टल गया।
रात करीब 1:30 बजे नियामतपुर चौकी की आरजी पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर आवासन की पार्किंग से उठती आग की लपटों और धुएं पर पड़ी। बिना वक्त गंवाए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।
धधकती आग और जहरीले धुएं के बीच पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आवासन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। पुलिस की तत्परता के कारण समय रहते कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
इसके बाद तत्काल आसनसोल दमकल विभाग को सूचना दी गई। करीब 20 मिनट के भीतर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हालांकि आग इतनी भीषण थी कि पार्किंग में खड़ी 6 बाइक और एक चार पहिया वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिंह महापात्र और एसीपी शेख जावेद हुसैन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मुस्तैदी ने बदल दिया हादसे का अंजाम
आधी रात की इस घटना में अगर पुलिस की गश्ती टीम की नजर समय रहते आग पर नहीं पड़ती, तो हालात और भयावह हो सकते थे। जब पूरा इलाका धुएं से घिरा था, तब नियामतपुर पुलिस बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए लोगों की सुरक्षा में जुटी रही।
पुलिस की यही तत्परता और साहस एक बार फिर साबित करता है कि वर्दी सिर्फ कानून व्यवस्था की पहचान नहीं, बल्कि मुसीबत की घड़ी में लोगों के लिए सबसे पहली सुरक्षा-दीवार भी है।

Latest News