बराकर । बराकर गायत्री शक्तिपीठ में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु पूर्णिमा मनाया गया । इस संबंध में बताया जाता है कि शहर के वार्ड नंबर 68 स्थित बराकर गायत्री शक्तिपीठ में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया । इस दौरान सर्वप्रथम मंदिर के परिब्राजक सतीश जी ने विधिवत वेद माता गायत्री तथा परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीय माताजी की पूजा अर्चना की इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नवग्रह तथा षोडशोपचार पूजन के बाद यज्ञ हवन किया । इस अवसर पर आसपास के क्षेत्र के काफी संख्या में महिला पुरुष गायत्री शक्तिपीठ के प्रांगण में उपस्थित थे । वही गायत्री शक्तिपीठ ट्रस्ट के भी कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे । इस अवसर पर ट्रस्टीयो ने बताया कि सुबह के धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात संध्या के समय गायत्री मंदिर परिसर में दीप यज्ञ का आयोजन किया जाएगा । इस दौरान पूरे मंदिर परिसर को दीपावली की तरह दीपक से सजाकर दीपोत्सव के माध्यम से गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व मनाया जाएगा । इसके पश्चात उपस्थित लोगो के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा ।

















