आसनसोल में भाजपा का सिख समुदाय से संवाद, संगठन विस्तार पर मंथन, जिलाध्यक्ष बोले—हर समुदाय तक पहुंचेगा संगठन
भाजपा जिला कार्यालय में सिख समुदाय के साथ विशेष बैठक, अल्पसंख्यक समुदाय के उत्थान और स्थानीय समस्याओं पर हुई चर्चा
आसनसोल, पश्चिम बर्धमान जिले में भाजपा संगठन को और मजबूत एवं विस्तारित करने की दिशा में पार्टी ने सिख समुदाय के साथ विशेष बैठक आयोजित की। आसनसोल स्थित भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित इस बैठक में संगठन विस्तार के साथ-साथ अल्पसंख्यक समुदाय के उत्थान और उनकी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में पूरे शिल्पांचल से सिख समुदाय के दर्जनों लोग शामिल हुए। समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य के समक्ष अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे और सुझाव रखे। बैठक का उद्देश्य समुदाय के लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं को समझते हुए संगठन के साथ उनकी भागीदारी को मजबूत करना रहा।
इस दौरान भाजपा के जिला एग्जीक्यूटिव मेंबर अनमोल सिंह, सिख समुदाय से हनी सिंह, परमजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह और सुरेंद्र सिंह समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
बैठक के बाद भाजपा पश्चिम बर्धमान जिलाध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य ने कहा कि जिले में भाजपा के संगठन को मजबूत करने और उसका विस्तार करने के उद्देश्य से सिख समुदाय के साथ यह बैठक की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी समुदायों को साथ लेकर आगे बढ़ने में विश्वास रखती है।
देबतनु भट्टाचार्य ने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य समुदायों के लोगों के साथ भी बैठक और संवाद किया जाएगा। उनका कहना है कि लोगों की समस्याओं को करीब से समझकर उनके उत्थान और समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
भाजपा की इस पहल को जिले में संगठन के जनाधार को मजबूत करने और विभिन्न समुदायों के बीच संवाद बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।








