कपड़े की दुकान में लगी आग
सांकतोड़िया : सालतोड़ रोड में तृष्णा फैशन नामक कपड़े की दुकान में सोमवार की रात्रि भयंकर आग लग गई। जिसमें सबकुछ जलकर राख हो गया। अनुमानतः 12 से 15 लाख रुपये का नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह हीजली निवासी तापस लायक की कपड़े की दुकान थी और ठीक-ठाक चल रही थी। बताया जाता है कि बीती रात करीब 1:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कोलियरी में ड्यूटी करने वाले कुछ लोगों ने जाकर उन्हें दुकान में आग लगने की घटना को सूचित किया। तापस लायक कुछ करीबियों को लेकर दुकान पहुंचे पर दुकान की स्थिति देखकर बेहद दुखी हुए। कुछ लोगों ने उन्हें दमकल को खबर करने के लिए कहा। रघुनाथपुर दमकल को फोन की गई। करीब 1 घंटे के बाद दमकल पहुंचकर आग पर काबू पाया। तब तक इनका सब कुछ जलकर स्वाहा हो चुका था। रघुनाथपुर दमकल को तुरंत सूचित किया। तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दुकान का लैपटॉप, अन्य सामग्री, टेबल, कुर्सी, बैंक फाइल सब कुछ जलकर खाक हो गया। सिर्फ दुकान का ढांचा बचा हुआ है। सूत्रों के अनुसार 12 से 15 लाख रुपए की नुकसान होने की संभावना है।










