*कुल्टी में भारी मात्रा में गांजा बरामद, 3 महिलाओं समेत 6 तस्कर गिरफ्तार – पुलिस ने 10 दिन की रिमांड मांगी*
*कुल्टी :* कुल्टी के सीतारामपुर इलाके में भारी मात्रा में गांजा बरामद होने से हड़कंप मच गया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 महिलाओं समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर कुल्टी थाना के नियामतपुर फाड़ी अंतर्गत सीतारामपुर स्थित टैगोर इंस्टीट्यूट के पास DD की टीम ने छापेमारी की थी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया और मौके से 3 पुरुष व 3 महिलाओं को हिरासत में लिया गया था।
*आज कोर्ट में पेशी, 10 दिन की रिमांड की मांग*
शुक्रवार को सभी 6 आरोपियों का मेडिकल कराया गया। मेडिकल के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच सभी को कुल्टी थाना से आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया है। पुलिस ने अदालत से आरोपियों की 10 दिन की रिमांड की मांग की है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुर्शिदाबाद के रानीनगर थाना क्षेत्र के बाबुल टोली और कालिनगर के निवासी शामिल हैं।
पुलिस अब जांच कर रही है कि यह गांजा कहां से लाया गया था, इसे कहां ले जाया जा रहा था और इस तस्करी रैकेट में और कौन-कौन शामिल है।










