टोटो के बढ़ते वर्चस्व और कथित अवैध वसूली के विरोध में मिनी बस चालकों का प्रदर्शन
आसनसोल: बाराबनी-दोमुहानी रूट के बाद अब बर्नपुर-आसनसोल रेलवे स्टेशन रूट पर भी मिनी बस सेवा पूरी तरह ठप हो गई है। टोटो की बढ़ती संख्या और प्रत्येक ट्रिप पर कथित तौर पर 50 रुपये की मांग किए जाने से नाराज मिनी बस चालकों ने रविवार से परिचालन बंद कर बर्नपुर बस स्टैंड में जोरदार प्रदर्शन किया।

मिनी बस कर्मियों का आरोप है कि आसनसोल रेलवे स्टेशन पर बस खड़ी करने के दौरान उनसे प्रति ट्रिप 50 रुपये की अवैध वसूली की जाती है। चालकों का कहना है कि इसका विरोध करने पर उनके साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाता है।
चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि स्टेशन के पास 13 नंबर मोड़ पर बस रोकने की कोशिश करने पर आरपीएफ अधिकारियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया जाता है। दूसरी ओर, टोटो और ऑटो की बढ़ती संख्या के कारण पहले से ही मिनी बसों की आमदनी प्रभावित हो रही है।
बस कर्मियों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में अतिरिक्त आर्थिक नुकसान उठाकर सेवा जारी रखना उनके लिए मुश्किल है। प्रदर्शन कर रहे चालकों ने प्रशासन से कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने और आसनसोल रेलवे स्टेशन पर मिनी बसों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अनुमति देने की मांग की है।
चालकों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक मिनी बसों का परिचालन बंद रखा जाएगा। इस रूट पर सेवा ठप होने से बर्नपुर और आसनसोल के बीच यात्रा करने वाले आम यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।










