दामोदर नदी से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, इलाके में सनसनी
कुल्टी/नेत्तूरिया: पश्चिम बर्धमान और पुरुलिया जिले की सीमा पर स्थित गंगठिकुली इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने दामोदर नदी के पानी में एक मध्य आयु वर्ग के व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। घटना कुल्टी विधानसभा के डिसरगढ़ क्षेत्र के पास दामोदर नदी की है।सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार सुबह-सुबह नदी घाट पर गए स्थानीय निवासियों की नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुरुलिया जिले के नेत्तूरिया थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नेत्तूरिया थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र मध्यम आयु वर्ग की प्रतीत हो रही है, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आस-पास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।










