दुर्गापुर में अवैध कोयला तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोयले से लदे दो ट्रक जब्त, चालक पुलिस रिमांड पर
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कोकओवन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात कंजीलाल एवेन्यू इलाके में अभियान चलाकर अवैध कोयले से लदे दो ट्रकों को जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों ट्रकों के चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मंगलवार को आरोपियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने दोनों चालकों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
पुलिस के अनुसार, नियमित रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध दोनों ट्रकों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। चालक कोयले के परिवहन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों ट्रकों को जब्त कर थाना लाया गया।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि ये ट्रक दुर्गापुर के एक कारखाने में कोयला पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कोयला कहां से लोड किया गया था, इसका वास्तविक मालिक कौन है और इस अवैध कारोबार के पीछे किन लोगों का हाथ है। मामले की जांच जारी है।










