देंदुआ में अंजनी रेल फैक्ट्री के गेट पर ठेका श्रमिकों का हंगामा, 3 महीने की बकाया सैलरी को लेकर फूटा गुस्सा
कुल्टी/देंदुआ। देंदुआ इलाके में स्थित अंजनी रेल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के बाहर बुधवार सुबह उस वक्त माहौल गरमा गया, जब करीब 250 ठेका श्रमिकों ने तीन महीने की बकाया सैलरी को लेकर जोरदार प्रदर्शन और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
श्रमिकों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से उन्हें वेतन नहीं दिया गया है, जिसके चलते उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। लंबे समय से वेतन का इंतजार कर रहे श्रमिकों का गुस्सा आखिरकार फैक्ट्री गेट पर फूट पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने साफ शब्दों में कहा कि बकाया वेतन का तत्काल भुगतान किया जाए। उनका कहना है कि अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
हंगामे की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया। प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि आगामी बुधवार तक बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।
हालांकि, श्रमिक इस आश्वासन से पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि फैक्ट्री मालिक या संबंधित ठेकेदार खुद सामने आएं और स्पष्ट रूप से बताएं कि तीन महीने का बकाया पैसा आखिर किस तारीख को मिलेगा।
श्रमिकों का कहना है कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा, जब तक भुगतान की ठोस तारीख नहीं मिलती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या बुधवार तक श्रमिकों के खाते में तीन महीने का बकाया वेतन पहुंचता है, या फिर देंदुआ में ठेका श्रमिकों का यह आंदोलन और बड़ा रूप लेता है?










