बराकर में हल्की बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल, नाली का गंदा पानी सड़कों पर
बराकर। हल्की बारिश के बाद बराकर इलाके में नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खुलती नजर आई। आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 67 के मस्जिद गली और आराडंगाल के कुछ इलाकों में नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बहने लगा। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में नियमित रूप से नालियों और सड़कों की सफाई नहीं होने के कारण यह समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि नालियों में गंदगी जमा रहने के कारण हल्की बारिश में भी पानी सड़क पर आ जाता है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत होती है।
एक तरफ आसनसोल को “क्लीन आसनसोल, ग्रीन आसनसोल” बनाने की बात कही जा रही है और मंत्री अग्निमित्रा पाल द्वारा भी सफाई एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ वार्ड नंबर 67 के इन इलाकों की तस्वीरें जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही हैं।
वार्ड 69 में घरों में घुस रहा नाली का गंदा पानी
वहीं, वार्ड नंबर 69 के स्टेशन रोड से सटी एक गली में भी हालात चिंताजनक बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क की नाली का गंदा पानी घरों की तरफ रिसकर पहुंच रहा है। जमीन के अंदर से पानी निकलने की वजह से इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी जमीन के अंदर से रिसकर बाहर आ रहा है। ऐसे में लोगों को आशंका है कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
सफाई व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
वार्ड नंबर 67 के लोगों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से उन्हें लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों की मांग है कि नगर निगम प्रशासन मौके पर पहुंचकर नालियों की सफाई कराए और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करे।
अब सवाल यह है कि हल्की बारिश में ही जब सड़कें और गलियां नाली के गंदे पानी से भर जा रही हैं, तो आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान हालात क्या होंगे?
स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई और स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।










