नंदीग्राम में कांग्रेस प्रत्याशी को झूठे केस में फंसाने का आरोप, कुलटी में गरजी कांग्रेस;
बराकर चौकी का घेराव अमानवीय उत्पीड़न और राजनीतिक प्रतिशोध के खिलाफ कांग्रेसियों ने काटा बवाल, दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
कुलटी:नंदीग्राम में राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार को अमानवीय रूप से झूठे मुकदमे में फंसाने के खिलाफ शनिवार देर शाम कुलटी क्षेत्र में जबरदस्त आक्रोश देखा गया। इस राजनीतिक उत्पीड़न और फर्जी मामले के विरोध में आज कुलटी थाने की बराकर चौकी पर राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा एक विशाल और उग्र प्रदर्शन किया गया।कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि सत्ता और पुलिस के दम पर विपक्ष की आवाज को दबाने की यह कोशिश कामयाब नहीं होगी। राजनीतिक प्रतिशोध के खिलाफ उनका यह लोकतांत्रिक आंदोलन और तेज होगा।प्रदर्शन में उमड़ा नेताओं का हुजूम:इस कड़े विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने और कांग्रेस की आवाज बुलंद करने के लिए भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। मुख्य रूप से एडवोकेट राजेश्वर शर्मा (चेयरमैन, पश्चिम बर्धमान ओबीसी कांग्रेस), रवि यादव (महासचिव, पश्चिम बंगाल प्रदेश युवा कांग्रेस), काजल दत्ता (वरिष्ठ कांग्रेस नेता), मनीष बर्नवाल (मुख्य संगठक, पश्चिम बर्धमान जिला सेवा दल), मोहम्मद सिराज और मोहम्मद आरिफ अंसारी सहित सैकड़ों सक्रिय कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरी।पुलिस को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप:बराकर पुलिस चौकी का घेराव कर प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने कहा कि पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है। नंदीग्राम के कांग्रेस उम्मीदवार को जिस तरह प्रताड़ित किया जा रहा है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नेताओं ने साफ किया कि जब तक झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, तब तक कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के गगनभेदी नारों और “जय हिंद”, “जय कांग्रेस” के जयघोष से पूरा बराकर इलाका गूंज उठा।










