प्रधानमंत्री के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी पर कुल्टी में आक्रोश:
भाजयुमो ने थाने में सौंपा ज्ञापन, श्रीलेखा मित्रा की गिरफ्तारी की मांग
कुल्टी: देश के माननीय प्रधानमंत्री के खिलाफ अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा द्वारा की गई आपत्तिजनक एवं अश्लील टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का गुस्सा फूट पड़ा है। पूरे पश्चिम बंगाल में चल रहे विरोध प्रदर्शन के क्रम में कुल्टी ब्लॉक भाजपा मंडल दो के भाजयुमो अध्यक्ष युवराज भट्टाचार्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कुल्टी थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। भाजयुमो ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की पुरजोर मांग की है।थाने में ज्ञापन सौंपने के बाद भाजयुमो अध्यक्ष युवराज भट्टाचार्य ने कड़े शब्दों में कहा कि देश के प्रधानमंत्री के पद की एक गरिमा होती है। श्रीलेखा मित्रा ने जिस प्रकार प्रधानमंत्री को निशाना बनाते हुए हाथों में अत्यंत आपत्तिजनक और अश्लील कार्टून लेकर प्रदर्शन किया है, उसे कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। भाजयुमो पूरे राज्य स्तर पर इसके खिलाफ उग्र आंदोलन कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि देश के प्रधानमंत्री के विरुद्ध किसी भी तरह की अनर्गल या अभद्र टिप्पणी को भाजपा कार्यकर्ता कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।भट्टाचार्य ने आगे कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्रविरोधी और हिंदू सनातन संस्कृति के खिलाफ कुप्रचार करने वाली ताकतों के खिलाफ अंतिम सांस तक अपनी लड़ाई जारी रखेगा। इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से भाजयुमो महासचिव विवेक गुप्ता, सोनू वर्मा और अर्नव यादव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने अपनी उपस्थिति से विरोध को और धार दी।










