बराकर में एक दिवसीय सावन मेले का भव्य शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सजे 40 स्टॉल
बराकर: स्थानीय हनुमान चढ़ाई स्थित केडी सराफ बंगलो में सोमवार को एक दिवसीय सावन मेले का शानदार आयोजन किया गया। यह मेला जेसीआई बराकर एवं चिरकुण्डा प्रेरणामय महिला समिति के संयुक्त प्रयास से लगाया गया है।मेले का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सरोज पोद्दार (पश्चिम बंगाल सरकार के पीएचई एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय पोद्दार की धर्मपत्नी) ने फीता काटकर किया। इसके बाद दोनों समितियों की सदस्याओं ने भगवान गणेश की वंदना की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जेसीआई चिरकुंडा बराकर की अध्यक्ष कृति गोयल एवं प्रेरणामय महिला समिति की अध्यक्ष चारुलता केजरीवाल ने मुख्य अतिथि सरोज पोद्दार को पौधा और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।मुख्य अतिथि सरोज पोद्दार ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला समिति हर साल सावन के महीने में इस मेले का सफल आयोजन करती आ रही है। इस मेले की खासियत यह है कि इसमें केवल बराकर ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य झारखंड और अन्य क्षेत्रों से भी महिलाएं आकर अपनी कला और उत्पादों को प्रदर्शित करती हैं। इस वर्ष मेले में कुल 40 विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं, जो आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।










