.बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ ने जारी किया घोषणापत्र, 39 महीने के एरियर से लेकर सुरक्षा, चिकित्सा और आवास तक पर जोर
बर्नपुर। सेल-आईएसपी के प्रस्तावित यूनियन चुनाव को लेकर बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ (बीएमएस) ने अपना घोषणापत्र और संकल्प पत्र जारी किया। शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठन के नेताओं ने कर्मचारियों से समर्थन की अपील करते हुए 39 महीने के बकाया एरियर, वेतन समझौते, कर्मचारियों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, वेतन, पदोन्नति, आवास और टाउनशिप के विकास समेत कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। संगठन की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों का 51 प्रतिशत से अधिक समर्थन मिलने पर घोषणापत्र में शामिल मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
107 साल बाद चुनाव का अवसर : हिमांशु बल
संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय भारतीय मजदूर संघ के इस्पात उद्योग के सह-प्रभारी हिमांशु बल ने यूनियन चुनाव और 39 महीने के एरियर के मुद्दे पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 107 साल बाद बर्नपुर में यूनियन चुनाव होने जा रहा है और पहली बार कर्मचारियों को अपनी पसंद के प्रतिनिधि को मतदान के माध्यम से चुनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर कुछ यूनियनों की ओर से कानूनी आपत्तियां उठाई गईं और मामला उच्च न्यायालय की एकल पीठ, खंडपीठ से होते हुए अब सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि मामले की सुनवाई सोमवार को सर्वोच्च न्यायालय में होनी है।
हिमांशु बल ने 39 महीने के एरियर और वेतन समझौते का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के एरियर और वेतन समझौते को लेकर बीएमएस लगातार संघर्ष कर रही है। उनके अनुसार, 9 दिसंबर 2025 को हुई उप-समिति की बैठक में प्रबंधन ने 39 महीने के एरियर को लेकर समझौता करने से इनकार किया था। इसके बाद 3 सितंबर को दिल्ली में हुई केंद्रीय श्रम आयुक्त की बैठक में भी प्रबंधन की ओर से समझौता नहीं करने की बात कही गई।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर बीएमएस ने ओडिशा उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की है। उनके अनुसार, 16 सितंबर को हुई सुनवाई में इस्पात मंत्रालय, सेल के अध्यक्ष और आरएसपी के निदेशक-प्रभारी को नोटिस जारी किया गया है। अदालत ने समझौता नहीं होने को लेकर लिखित जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होने की बात उन्होंने कही।
हिमांशु बल ने अन्य प्रतिनिधि यूनियनों से भी 39 महीने के एरियर और वेतन समझौते के मुद्दे पर बीएमएस की कानूनी लड़ाई में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सभी यूनियनें कर्मचारियों के हित में एकजुट होकर इस मुद्दे को उठाती हैं तो कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा।
संकल्प पत्र में सुरक्षा से लेकर बेहतर जीवन-स्तर तक के मुद्दे
वहीं बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के सचिव श्रीकांत साह ने संगठन के संकल्प पत्र में शामिल घोषणाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकल्प पत्र कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें चार प्रमुख क्षेत्रों को आधार बनाया गया है—सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, कर्मचारी कल्याण एवं वेतन-पदोन्नति तथा टाउनशिप, आवास एवं उत्कृष्ट जीवन-स्तर।
संकल्प पत्र में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसमें संयंत्र में दुर्घटनाओं को रोकने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, कर्मचारियों को बेहतर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
चिकित्सा सुविधाओं के तहत कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, अस्पताल की व्यवस्था मजबूत करने, दवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में सुधार करने तथा डॉक्टरों एवं आवश्यक चिकित्सा कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है। नियमित स्वास्थ्य जांच को प्रभावी बनाने के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रितों की चिकित्सा सुविधाओं में सुधार की भी बात कही गई है।
तीसरे हिस्से में कर्मचारी कल्याण, वेतन, पदोन्नति और सेवा संबंधी मामलों को शामिल किया गया है। इसमें कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने, पदोन्नति में पारदर्शिता लाने तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़ी सुविधाओं में सुधार का संकल्प व्यक्त किया गया है।
चौथे हिस्से में टाउनशिप, आवास एवं उत्कृष्ट जीवन-स्तर को रखा गया है। इसमें कर्मचारियों के आवास से जुड़े मामलों के समाधान, टाउनशिप की बुनियादी सुविधाओं में सुधार, साफ-सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही गई है। टाउनशिप के समग्र विकास के साथ कर्मचारियों को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
श्रीकांत साह ने कहा कि संकल्प पत्र में कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा संयंत्र के विकास के साथ श्रमिक हितों की रक्षा के लिए संगठन प्रतिबद्ध रहेगा। संकल्प पत्र में “राष्ट्रहित, उद्योगहित, मजदूरहित” के सिद्धांत को प्रमुखता दी गई है।
कर्मचारियों से समर्थन की अपील
संवाददाता सम्मेलन में बीएमएस नेताओं ने कर्मचारियों से संगठन के घोषणापत्र और संकल्प पत्र में शामिल मुद्दों को ध्यान में रखते हुए चुनाव में समर्थन देने की अपील की। नेताओं ने कहा कि 39 महीने के एरियर और वेतन समझौते से लेकर सुरक्षा, चिकित्सा, पदोन्नति, आवास और टाउनशिप की सुविधाओं तक कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
इस मौके पर बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ (बीएमएस) के महासचिव संजय बनर्जी, अध्यक्ष अजय सिंह, सचिव श्रीकांत साह, जिला अध्यक्ष विजय कुमार, संगठन सचिव अमित सिंह, बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ (बीएमएस) के अध्यक्ष महेश बनर्जी, जीएस एवं महासचिव संजीत प्रसाद, बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के कोषाध्यक्ष सचिन कुमार, सचिव रणवीर गुर्जर, उपाध्यक्ष दीपक सिंह तथा केंद्रीय बीएमएस इस्पात उद्योग के सह-प्रभारी हिमांशु बल उपस्थित थे।










