*बाराबंकी के अनुपम वर्मा ने रचा इतिहास, सिविल सेवा परीक्षा में चयन से क्षेत्र गौरवान्वित*
बाराबंकी (अबू शहमा अंसारी): जनपद बाराबंकी के ब्लॉक मसौली की ग्राम पंचायत मुबारकपुर निवासी सुरेंद्र वर्मा के पुत्र अनुपम वर्मा का संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल बन गया।
वर्तमान में अनुपम वर्मा अयोध्या जनपद के सोहावल में बीडीओ (BDO) पद पर तैनात हैं। उनकी इस बड़ी सफलता पर लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सुरसंड के एडवोकेट जव्वाद अहमद, अनिल भट्ट (शाहपुर), अतुल वर्मा, नजमुद्दीन अंसारी (शाहपुर), पंचायत मित्र हेमंत वर्मा और पत्रकार रहमान अली खान सहित कई गणमान्य लोगों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
कस्बे में मानो त्योहार जैसा माहौल देखने को मिला। गाजे-बाजे के साथ अनुपम वर्मा को खुली कार में बैठाकर पूरे क्षेत्र में घुमाया गया, जहां लोगों ने उन्हें आशीर्वाद दिया और जगह-जगह मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। अंत में जुलूस उनके घर पहुंचा, जहां परिजनों और शुभचिंतकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।








