बोनस नहीं मिलने पर टाइगर सिक्योरिटी के गार्डों में आक्रोश, काली पट्टी बांधकर विरोध; बोले—इस बार परिवार के साथ दुर्गापूजा नहीं मनाएंगे!
कुल्टी। दुर्गापूजा के त्योहार से पहले बोनस भुगतान को लेकर कुल्टी में सुरक्षा गार्डों के बीच नाराजगी देखने को मिल रही है। सुरक्षा गार्डों का आरोप है कि कुल्टी सेल के अंतर्गत काम करने वाले लगभग सभी ठेकेदारों ने अपने कर्मचारियों को बोनस का भुगतान कर दिया है, लेकिन टाइगर सिक्योरिटी द्वारा टाउन सिक्योरिटी के सुरक्षा गार्डों को अब तक बोनस नहीं दिया गया है।
बोनस नहीं मिलने से नाराज सुरक्षा गार्ड काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि दुर्गापूजा जैसे बड़े त्योहार के मौके पर बोनस नहीं मिलने से उनके परिवारों की खुशियों पर असर पड़ रहा है। साल भर मेहनत कर अपनी जिम्मेदारियां निभाने वाले सुरक्षा गार्डों को त्योहार के समय आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारी सुरक्षा गार्डों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब अन्य ठेकेदार अपने कर्मचारियों को बोनस का भुगतान कर चुके हैं, तो टाइगर सिक्योरिटी के कर्मचारियों को इससे वंचित क्यों रखा जा रहा है? उन्होंने संबंधित कंपनी और अधिकारियों से जल्द से जल्द बोनस भुगतान करने की मांग की है।
गार्डों ने दुख जताते हुए कहा कि बोनस नहीं मिलने के कारण इस वर्ष उनके परिवारों में दुर्गापूजा की खुशियां फीकी पड़ गई हैं। उन्होंने कहा, “इस साल हम अपने परिवार के साथ दुर्गापूजा नहीं मनाएंगे।”
अब सवाल यह उठता है कि जब त्योहार के समय अन्य कर्मचारियों को बोनस मिल चुका है, तो टाइगर सिक्योरिटी के सुरक्षा गार्डों को उनके हक का भुगतान कब मिलेगा? फिलहाल, बोनस भुगतान को लेकर सुरक्षा गार्डों में नाराजगी बनी हुई है।










