*सबनपुर में मतदान के दौरान तनाव: TMC कैंप पर केंद्रीय बलों के लाठीचार्ज का आरोप, झंडे फेंके- मोबाइल तोड़ा*
कुल्टी,सबनपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ संख्या-8 पर मतदान के दौरान तनाव का माहौल बन गया। तृणमूल कांग्रेस ने केंद्रीय सुरक्षा बलों पर बूथ से बाहर लगे पार्टी कैंप पर लाठीचार्ज करने का गंभीर आरोप लगाया है।
टीएमसी कार्यकर्ता के मुताबिक, बूथ से 100 मीटर से अधिक दूरी पर ग्वाला पाड़ा इलाके में पार्टी का कैंप ऑफिस चल रहा था। आरोप है कि वहां शांतिपूर्वक बैठे कार्यकर्ताओं पर केंद्रीय बल के जवानों ने अचानक धावा बोल दिया और लाठीचार्ज शुरू कर दिया।
कैंप में लगे तृणमूल कांग्रेस के झंडे उखाड़कर फेंक दिए गए।
टेबल-कुर्सियों में तोड़फोड़ की गई।
एक टीएमसी कार्यकर्ता का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।
पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनाव आयोग के नियमानुसार कैंप बूथ से 100 मीटर की निर्धारित दूरी के बाहर था। इसके बावजूद केंद्रीय बलों ने “बिना किसी उकसावे के” यह कार्रवाई की।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। टीएमसी ने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही है। अभी तक केंद्रीय बल या प्रशासन की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।











