24 घंटे में लापता किशोर को पुलिस ने खोज निकाला
सिविक वॉलंटियर्स की सतर्कता से हुड़ा थाना पुलिस को मिली सफलता, परिवार को सौंपा
पुरुलिया : हुड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता 14 वर्षीय किशोर को 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया। सिविक वॉलंटियर्स की सतर्कता से किशोर की पहचान हुई और उसे पुलिस के हवाले किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 22 सितंबर को किशोर के लापता होने की शिकायत हुड़ा थाने में दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। किशोर की तस्वीर और पहचान संबंधी जानकारी थाना पुलिसकर्मियों के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की गई, ताकि सभी कर्मी उसकी पहचान कर सकें।
बुधवार शाम हुड़ा थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात दो सिविक वॉलंटियर्स ने एक किशोर को इधर-उधर घूमते देखा। संदेह होने पर उन्होंने उससे पूछताछ की। किशोर की पहचान पुलिस ग्रुप में साझा की गई तस्वीर और विवरण से मिल गई। इसके बाद तत्काल थाने को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोर को सुरक्षित थाने ले आई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया। किशोर के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली।










