प्रेस विज्ञप्ति
ISP कर्मचारी पर जानलेवा हमले के विरोध में BMS का जोरदार प्रदर्शन, प्रबंधन एवं पुलिस को सौंपा ज्ञापन
बर्नपुर, 28 अगस्त 2026:
आज बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ (BMS) के नेतृत्व में SAIL–ISP के Town Service Department के बाहर जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन Town Service Department के कर्मचारी श्री शुभोदीप गुप्ता एवं अन्य कर्मचारियों पर असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए जानलेवा हमले के विरोध में आयोजित किया गया।


यूनियन ने कहा कि कर्मचारियों को अपने वैधानिक एवं आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन करते समय पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। इस प्रकार की घटनाओं से कर्मचारियों के मनोबल एवं सुरक्षा दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। BMS ने मांग की कि घटना में शामिल दोषियों की तत्काल पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन के उपरांत ISP प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध अविलंब कार्रवाई एवं कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।
इसके पश्चात BMS के पदाधिकारियों ने हिरापुर थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की तथा घटना के संबंध में ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
आज के इस प्रदर्शन का नेतृत्व BMS के महासचिव श्री संजीत बनर्जी ने किया। कार्यक्रम में ठेकेदार यूनियन के अध्यक्ष श्री महेश बनर्जी, श्री संजीत प्रसाद, श्री अमित सिंह, श्री प्रताप बारीक, श्री श्रीकांत साह, श्री संतोष झा सहित BMS के अन्य पदाधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में ISP कर्मचारी उपस्थित रहे।
BMS ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सुरक्षा एवं सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होने तक संगठन कर्मचारियों के हित में मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।










