आसनसोल (प. बंगाल): प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित हो रहे सीतारामपुर स्टेशन पर ट्रेन ठहराव बहाली की मांग को लेकर अदिकर्ना फाउंडेशन ने आज डीआरएम आसनसोल को औपचारिक ज्ञापन सौंपा। फाउंडेशन ने बताया कि कोविड काल के बाद प्रमुख ट्रेनों के ठहराव बंद होने से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है, जो योजना के उद्देश्यों के विपरीत है।
फाउंडेशन ने जिन प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी:
मिथिला एक्सप्रेस (डाउन)
काठगोदाम एक्सप्रेस (अप)
बक्सर–टाटा–दानापुर एक्सप्रेस (अप/डाउन)
जम्मू तवी एक्सप्रेस (अप/डाउन)
चेयरपर्सन संतोष कुमार वर्मा ने कहा कि “सीतारामपुर का धार्मिक महत्व सीधा अयोध्या से जुड़ता है। इसलिए यहाँ ठहराव बहाल करना सांस्कृतिक और धार्मिक यात्राओं को सशक्त करेगा।”
सुविधाओं को लेकर दिए गए प्रमुख सुझाव:
नए ओवरब्रिज के अनुरूप लिफ्ट और सीसीटीवी की तत्काल व्यवस्था
सुबह 8 से रात 8 बजे तक आरक्षण केंद्र
स्टेशन उद्घाटन दिवस पर कुछ ट्रेनों का विशेष ठहराव
25 दिसंबर का विशेष प्रस्ताव:
फाउंडेशन ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती (25 दिसंबर) को “विशेष मुहूर्त” बनाते हुए उसी दिन से ट्रेन स्टॉपेज शुरू करने का अनुरोध किया है, जिसे उन्होंने अटल आदर्शों के प्रतीकात्मक संदेश के रूप में बताया।
यह ज्ञापन ईमेल और पत्र के माध्यम से महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे तथा माननीय रेल मंत्री को भी भेजा गया। फाउंडेशन ने विश्वास व्यक्त किया कि ये कदम मोदीजी के अमृत भारत स्टेशन के विज़न को नई गति देंगे तथा सीतारामपुर को एक मॉडल स्टेशन के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाएँगे।










