*बंटी खान सांकतोड़िया।* सांकतोड़िया फाड़ी के डिसरगढ़ नदी घाट पर शनिवार की सुबह वाहनों से अवैध वसूली कर रहे युवक द्वारा एक ट्रक चालक का माथा फोड़ दिए जाने के कारण विरोध में अन्य वाहन चालकों ने सड़क जाम कर दिया जिससे पुरुलिया आसनसोल मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घंटों सड़क जाम लगा रहा। हालांकि बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप से करीब 10 : 30 पर यातायात फिर से बहाल हुआ। प्रशासन का कहना है कि इस प्रकरण में मामला दर्ज नहीं कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को ओड़िसा से आसनसोल के जामुड़िया जा रहे मो रफीक नामक एक चालक ने वसूली में शामिल युवक द्वारा मांगी गई वसूली की रकम देने में अपनी असमर्थता जताई जिससे युवक गुस्से में आकर चालक के माथे पर ईंट दे मारा। घटना में चालक का माथा फट गया। इससे कतार में लगे अन्य चालक उतेजित हो गए और विरोध में सड़क जाम कर दिया।
चालकों का कहना था कि कोई चालक किस हालत में वाहन चला रहा है किसको पता। उनसे मनमानी वसूली की रकम मांग रहे हो क्यों लोगे? उसपर अगर कोई रुपये नहीं दे रहा है तो उसे मारने का अधिकार तुम्हे किसने दिया। मारने का अधिकार तुम्हारा नहीं है। मारकर रक्त निकाल दिया। हम जानना चाहते हैं कि पुलिस क्या कर रही है? उन्होंने कहा कि मैं स्कूल बस चलाता हूं। बच्चों की परीक्षा चल रही है। हमारा तो भविष्य अब नहीं है लेकिन उन बच्चों का तो है।
एक अन्य चालक दीपक कुमार महतो ने कहा कि हमारे भारत में 22 करोड़ चालक विभिन्न राज्यों के विभिन्न जिलों में समस्यायों में पड़ते हैं। परिवहन मंत्री को रोड टैक्स देते हैं, इंश्योरेंस आदि देते हैं, मालिकों को असुविधाएं होती हैं, चालक के पास पैसे नहीं हैं, खुराकी की असुविधा हो रही है। हमारी असुविधाएं कौन समझ रहा है। ना सरकार समझती है और ना ही कोई और।
इस मामले में कुल्टी विधायक डॉ अजय पोद्दार ने कहा कि बंगाल का तो हाल ही यही है। काटमनी छोड़कर कुछ भी नहीं। पुलिस का अपना अपना हिस्सा बंटवारा है। सबको चाहिए।
कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष मनीष बर्णवाल ने घटना की निंदा की। कहा कि यह बराबर की समस्या है। पुलिस युवकों से कलेक्शन करवाती है। आज उसी में चालक ने मांगे गए रुपये नहीं दिया जिससे मारकर उसका माथा फोड़ दिया गया। आगामी दिनों अवैध वसूली बंद नहीं होने पर पुलिस कमिश्नर के कार्यालय तक शिकायत करेंगे।










