कल्याणपुर हाउसिंग में कुत्ते की निर्मम हत्या से सनसनी, लोगों में आक्रोश
पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग, सुरक्षा व्यवस्था और अनधिकृत रास्ता बंद करने की उठी मांग

आसनसोल, पश्चिम बंगाल आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के कल्याणपुर हाउसिंग में एक कुत्ते की कथित निर्मम हत्या की घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने आसनसोल नॉर्थ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:01 बजे एक 10 से 12 वर्ष आयु के युवक को कथित रूप से चाकू लेकर एक कुत्ते पर हमला करते हुए देखा गया। आरोप है कि हमले के कारण कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में रोष फैल गया और बड़ी संख्या में लोग न्याय की मांग को लेकर आगे आए।
क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि यह केवल पशु क्रूरता का मामला नहीं है, बल्कि समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों का भी गंभीर संकेत है। उनका मानना है कि इस तरह की घटनाओं को नजरअंदाज करना भविष्य में सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर आवश्यक कानूनी कदम उठाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कल्याणपुर हाउसिंग के पीछे स्थित एक कथित अनधिकृत रास्ते (बैकसाइड पैसेज) को बंद करने की भी मांग की है। निवासियों का आरोप है कि यह रास्ता लंबे समय से सुरक्षा संबंधी समस्याओं और असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है।
पशु प्रेमी देबराज कर्मकार समेत कई स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
वहीं, शिकायत मिलने के बाद आसनसोल नॉर्थ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










