कुल्टी में भक्ति की बयार: तीन दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शंखनाद, 30 सितंबर को महाभंडारा
कुल्टी: अखिल भारतीय विश्वकर्मा युवा मंच की ओर से कुल्टी के बराकर स्थित हनुमान चराई फुटबॉल मैदान के समीप एक निजी भवन में आज रविवार से तीन दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आरंभ समाज के प्रतिष्ठित सदस्यों अजय विश्वकर्मा, विजय विश्वकर्मा एवं शेखर विश्वकर्मा तथा उनकी पत्नियों द्वारा बाबा विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात् कथावाचक श्री चरणदास दयाल जी ने मंत्रोच्चार के साथ पाठ प्रारंभ किया और समाज की महिलाओं ने सामूहिक आरती की।कार्यक्रम में अतिथि स्वरूप समाजसेवी श्री राम सिंह, राकेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और उन्होंने धार्मिक आयोजन के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में महिलाओं की भारी उपस्थिति रही, जिसमें राखी कर्मकार, स्नेहा विश्वकर्मा, पूनम विश्वकर्मा, संतोषी शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और भक्तिमय वातावरण बना रहा।कार्यक्रम की सफलता में अखिल भारतीय विश्वकर्मा युवा मंच के राजेश विश्वकर्मा, संजय विश्वकर्मा, अमर विश्वकर्मा, रामपुकार विश्वकर्मा, सोनू, मोनू, शुभम, मनोज सहित सभी सदस्यों का अहम योगदान रहा। कुल्टी के अध्यक्ष शेखर कर्मकार ने बताया कि अखिल भारतीय विश्वकर्मा युवा मंच के सभी सदस्यों की कड़ी मेहनत से यह तीन दिवसीय श्रीमद्भागवत कार्यक्रम संभव हुआ है। उन्होंने आगे बताया कि 30 सितंबर को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी समाज के लोग शामिल होंगे।भक्ति और आस्था के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्री चरणदास दयाल जी के मुख से भागवतपाठ का आनंद लिया और आगामी दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में और अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद व्यक्त की गई।










