जेके नगर में महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, पुलिस कमिश्नर ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घर के अंदर बिखरा मिला सामान, हत्या सहित कई एंगल से जांच; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
रानीगंज। रानीगंज थाना क्षेत्र के निमचा पुलिस फांड़ी अंतर्गत जेके नगर कोलियरी में मंगलवार रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला जेके नगर स्थित बालको कंपनी के आवास में अकेली रहती थीं। घर के अंदर सामान बिखरा मिलने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि महिला काफी समय से अपने पति से अलग रह रही थीं, जबकि उनके बेटे-बेटियां भी बाहर रहते हैं। मंगलवार रात उनकी संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में घर के अंदर कई सामान अस्त-व्यस्त हालत में मिले। इसके बाद पुलिस ने यह पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी कि महिला की मौत से पहले घर में कोई विवाद या असामान्य गतिविधि हुई थी या नहीं। चोरी या लूट की आशंका के साथ-साथ व्यक्तिगत विवाद और रंजिश के पहलू से भी जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल-2 विमान कुमार मृधा, रानीगंज थाना प्रभारी पार्थ घोष और निमचा फांड़ी की आईसी नासरीन सुल्ताना समेत अन्य अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया।
इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की गहन जांच की। घर के अंदर से विभिन्न संभावित साक्ष्यों और वस्तुओं के नमूने एकत्र किए गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ यह भी पता लगा रही है कि घटना से पहले महिला के घर पर कौन-कौन आया था और वह किन लोगों के संपर्क में थीं।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसे हत्या का मामला नहीं माना है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारण को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के परिणाम सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
घटना के बाद से जेके नगर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अफवाह या अटकल पर भरोसा न करें।










