दुर्गापूजा में सरकारी नियमों के पालन का संदेश, रवींद्र भवन में प्रशासन की अहम बैठक
सेफ पूजा पर जोर, मंडपों में अग्निशमन व्यवस्था और डस्टबिन अनिवार्य, DJ और कार्निवल पर रोक, विसर्जन के दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा
आसनसोल, आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को आसनसोल के रवींद्र भवन सभागार में दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर आयोजित इस बैठक में प्रशासन ने पूजा समितियों को सरकारी नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूजा आयोजन करने का संदेश दिया।

बैठक में आसनसोल उत्तर विधानसभा के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, विधायक अरिजीत राय, विधायक बिजन मुखर्जी, पुलिस कमिश्नर प्रणब कुमार, पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पन्नाबालम, नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, दमकल विभाग सहित पुलिस और प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षित पूजा के लिए विभागों ने दिए दिशा-निर्देश
जिलाधिकारी एस. पन्नाबालम ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ‘सेफ पूजा’ के लिए आवश्यक नियमों और प्रोटोकॉल के बारे में पूजा समितियों को जानकारी देना था। पुलिस, नगर निगम, CMOH, दमकल विभाग और WBSEDCL सहित विभिन्न विभागों की ओर से अपनी-अपनी तैयारियों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि थाना स्तर पर आयोजित बैठकों से पूजा समितियों की ओर से कई सुझाव और समस्याएं सामने आई हैं। कुछ इलाकों में सड़कों की सफाई सहित अन्य मांगें रखी गई हैं। संबंधित समितियों को आवेदन करने को कहा गया है और प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
DJ पर रोक, कार्निवल का आयोजन नहीं
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि दुर्गापूजा के दौरान DJ साउंड सिस्टम के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही इस वर्ष कार्निवल का आयोजन भी नहीं किया जाएगा।
पूजा समितियों को मंडपों में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डस्टबिन लगाने और मंडप के सामने यातायात व्यवस्था को बाधित नहीं होने देने का निर्देश दिया गया। रात के समय पंडालों में स्वयंसेवकों की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
विसर्जन व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन स्थानों पर बड़ी संख्या में प्रतिमाओं का विसर्जन होता है, वहां क्रेन के स्थान पर ट्रॉली सिस्टम जैसी वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से विसर्जन स्थलों को लेकर विशेष योजना तैयार की जा रही है।
प्रशासन का जोर इस बात पर है कि प्रतिमा विसर्जन के तुरंत बाद घाटों और तालाबों की सफाई कराई जाए, ताकि विसर्जन के बाद स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
पुलिस से बदसलूकी बर्दाश्त नहीं, कृष्णेंदु मुखर्जी
आसनसोल उत्तर विधानसभा के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि पुलिस कमिश्नर, उनकी टीम और जिलाधिकारी सहित पूरे प्रशासन के साथ हुई समन्वय बैठक काफी उपयोगी रही। उन्होंने कहा कि पूजा समितियों को कानून के दायरे में रहकर पूजा आयोजित करनी होगी और प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नई पूजा समितियों को अनुमति देने की व्यवस्था भी की गई है। सत्ता परिवर्तन के बाद यह पहली दुर्गापूजा समन्वय बैठक है, जिसमें आम लोगों और पूजा समितियों के हित से जुड़े विभिन्न मुद्दे प्रशासन के सामने रखे गए।
विधायक ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विसर्जन के दौरान पुलिस के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूजा समितियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी व्यक्ति के नशे की हालत में रहने से रोकने की जिम्मेदारी भी समितियों की होगी।
चेन स्नैचिंग और पार्किंग पर भी नजर
बैठक में पूजा के दौरान चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर विशेष निगरानी रखने की बात कही गई। साथ ही रात के समय पंडालों में स्वयंसेवकों की तैनाती पर जोर दिया गया।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। कृष्णेंदु मुखर्जी ने बताया कि पिछले वर्ष कुल्टी क्षेत्र में पार्किंग को लेकर विवाद और मारपीट की घटना सामने आई थी। ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूजा समितियों को पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित रखने और अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूली जैसी शिकायतों से बचने को कहा गया।
तय समय और नियमों के अनुसार होगा विसर्जन
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन निर्धारित समय और तय नियमों के अनुसार ही किया जाएगा। पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर पूजा और विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर बैठक में विशेष जोर दिया गया।










