नियामतपुर में अवैध जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस का छापा, ₹60 हजार नकद के साथ संचालक गौतम विश्वास गिरफ्तार
दिशा यौन पल्ली में लंबे समय से चल रहे कथित जुए के फड़ पर कार्रवाई, पुलिस रिमांड में लेकर नेटवर्क और बाहरी खिलाड़ियों के संबंधों की जांच की तैयारी।
आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर पुलिस फाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे कथित जुए के अड्डे पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से करीब ₹60 हजार नकद बरामद किए और गौतम विश्वास नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को नियामतपुर पुलिस फाड़ी ने बुधवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दिशा यौन पल्ली इलाके में गौतम विश्वास काफी समय से कथित रूप से जुए का फड़ संचालित कर रहा था। आरोप है कि प्रभावशाली संपर्कों के कारण वह लंबे समय तक पुलिस कार्रवाई से बचता रहा। हालांकि, इस मामले में इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेने का आवेदन किया जा सकता है, ताकि उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस कथित जुए के अड्डे पर केवल पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि बिहार और झारखंड से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे। उनके ठहरने और अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की जाती थी। यह भी आरोप है कि यहां लाखों रुपये के दांव लगाए जाते थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस अवैध गतिविधि से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा इसका नेटवर्क कितना व्यापक था।










