नियामतपुर साइबर कांड में बड़ा खुलासा! शुभम साव के घर पुलिस का धावा, बाइक जब्त
पुलिस हिरासत में पूछताछ तेज, खंगाले जा रहे संपर्क और वित्तीय लेनदेन; जामताड़ा कनेक्शन पर भी जांच की आंच
कुल्टी। नियामतपुर में सक्रिय बताए जा रहे साइबर अपराध गिरोह की जांच अब और तेज हो गई है। साइबर अपराध के मामले में गिरफ्तार शुभम साव को अदालत के निर्देश पर पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस ने शुभम साव के घर पर छापेमारी कर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने उसकी एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ‘साइबर प्रहार’ अभियान के तहत गिरफ्तार शुभम साव से पूछताछ के दौरान पुलिस उसके कथित संपर्कों, बैंकिंग लेनदेन और साइबर गतिविधियों से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

जांच की सबसे अहम कड़ी अब झारखंड के जामताड़ा कनेक्शन तक पहुंच गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नियामतपुर में सक्रिय इस कथित साइबर नेटवर्क का जामताड़ा समेत अन्य इलाकों से किस तरह का संपर्क था और इसमें शुभम साव की वास्तविक भूमिका क्या थी।
पूछताछ के जरिए पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों और कथित मुख्य संचालकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। घर पर हुई छापेमारी और मोटरसाइकिल की जब्ती को इसी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
अब पुलिस की नजर इस बात पर है कि शुभम साव से पूछताछ के बाद साइबर अपराध के इस कथित नेटवर्क से जुड़े कितने चेहरे सामने आते हैं और जांच की कड़ी आखिर कहां तक पहुंचती है।










