बच्ची हमारा भविष्य है, इसे भी हेलमेट पहनाएं’: बराकर ट्रैफिक पुलिस ने चलाया विशेष जागरूकता
बेगुनिया मोड़ पर बाइक सवारों को दी गई सुरक्षा की सीख, बैनर पर लिखी मार्मिक कविता ने राहगीरों को किया भावुक
बराकर।सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को बराकर ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक विशेष सुरक्षा अभियान चलाया गया। बराकर ट्रैफिक गार्ड के नेतृत्व में यह अभियान स्थानीय बेगुनिया मोड़ पर आयोजित किया गया, जहाँ पुलिस कर्मियों ने राहगीरों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया।बैनर की कविता ने खींचा ध्यान अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने हाथों में स्लोगन और जागरूकता संदेश लिखे बैनर थाम रखे थे। इनमें से एक बैनर पर लिखी मार्मिक कविता ने वहाँ से गुजरने वाले हर व्यक्ति का ध्यान अपनी ओर खींचा। बैनर पर लिखा था—”पिता का सिर कीमती है, इसलिए हेलमेट से ढका है। छोटे बच्चे के सिर का कोई मोल नहीं, इसीलिए उसका सिर खाली है।”इस संदेश के जरिए पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों, विशेषकर माता-पिता को उनके बच्चों की सुरक्षा के प्रति सीधे तौर पर झकझोरने का प्रयास किया।ट्रैफिक अधिकारी ने बाइक सवार को समझाया चेकिंग के दौरान बराकर ट्रैफिक गार्ड के अधिकारी बिनय लाइक खुद सड़क पर उतरे और बिना हेलमेट के बच्चों को ले जा रहे अभिभावकों से बात की। एक बाइक सवार को रोककर उन्होंने बाइक पर बैठी उसकी छोटी बच्ची की ओर इशारा करते हुए बेहद आत्मीय भाव से कहा, “यह देखो, इसका सिर खाली है… आपने खुद तो हेलमेट पहना है, लेकिन आपको इस बच्ची को भी हेलमेट ज़रूर पहनाना चाहिए। यह बच्ची हमारा भविष्य है, इसकी सुरक्षा सबसे पहले है। इसे एक हेलमेट अवश्य पहनाइए।” अधिकारी की इस बात को सुनकर बाइक सवार ने अपनी गलती मानी और भविष्य में बच्ची को भी हेलमेट पहनाने का वादा किया।आगे भी जारी रहेगा अभियान बराकर ट्रैफिक पुलिस ने सभी क्षेत्र वासियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान केवल खुद की सुरक्षा न देखें, बल्कि बाइक पर पीछे बैठने वाले महिलाओं और बच्चों को भी हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनाएं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जुर्माने की कार्रवाई से ज्यादा लोगों की मानसिकता को बदलना जरूरी है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।










