राम मंदिर की भव्य प्रतिकृति में सजा धेमोमेन का दुर्गापूजा पंडाल, मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने किया उद्घाटन
बंटी खान कुल्टी। दुर्गापूजा के उल्लास और भक्ति के बीच आसनसोल के धेमोमेन स्थित 58 नंबर वार्ड की दुर्गापूजा का शुभ उद्घाटन राज्य के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने किया। इस वर्ष पूजा पंडाल को अयोध्या के भव्य राम मंदिर की तर्ज पर सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
उद्घाटन समारोह में कोल इंडिया के जीएम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, आईपीएस सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। वैदिक मंत्रोच्चार और उत्सवी माहौल के बीच पूजा पंडाल का उद्घाटन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि दुर्गापूजा बंगाल की परंपरा, संस्कृति और जनभावनाओं का अभिन्न अंग है। यह पर्व लोगों को एकजुट करने के साथ-साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी देता है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए तथा समाज में खुशहाली बनी रहे।
राम मंदिर की तर्ज पर तैयार किए गए पंडाल को लेकर धेमोमेन क्षेत्र में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आकर्षक धार्मिक थीम और उत्सवी वातावरण के बीच यह पूजा पंडाल इस वर्ष लोगों के लिए खास आकर्षण बनने की उम्मीद है।










