*लालबत्ती इलाके में पुलिस कमिश्नर का औचक दौरा, यौनकर्मियों के बच्चों को बांटे बैग-चॉकलेट, बोले – ‘मुख्यधारा में लौटने वाली महिलाओं के लिए विशेष कदम उठाएंगे’*
*कुल्टी:* आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार मंगलवार दोपहर अचानक कुल्टी थाना के नियामतपुर फाड़ी अंतर्गत लालबत्ती इलाके में स्थित दिशा जनकल्याण केंद्र के दौरे पर पहुंचे। इस विशेष दौरे में उनके साथ आसनसोल जिला लीगल सेल की सचिव न्यायाधीश आम्रपाली चक्रवर्ती, डीसीपी वेस्ट सना अख्तर, एसीपी कुल्टी जावेद हुसैन, कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिन्हा महापात्रा और नियामतपुर फाड़ी प्रभारी उत्पल घोषाल भी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त ने दिशा केंद्र में पढ़ रहे यौनकर्मियों के बच्चों से मुलाकात की, उनसे पढ़ाई को लेकर बातचीत की और उपहार स्वरूप स्कूल बैग व चॉकलेट वितरित किए।
इसके बाद उन्होंने दिशा कार्यालय और पूरे यौनपल्ली क्षेत्र का भ्रमण किया और दिशा जनकल्याण केंद्र व दुर्बार महिला समन्वय समिति के कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त बैठक की।
*बैठक में दिए कड़े निर्देश:*
1. क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं से सभी यौनकर्मियों का पूरा डेटा संग्रह करने को कहा।
2. दिशा की चारदीवारी के अंदर रह रही यौनकर्मियों की पूरी पहचान का रिकॉर्ड तैयार करने का निर्देश।
3. नाबालिगों के इस क्षेत्र में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की सख्त हिदायत।
4. किराए पर लगे कमरों का निरीक्षण किया गया और कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई।
5. क्षेत्र में लगे कूड़े के ढेर और गंदगी देखकर कमिश्नर ने थाना प्रभारी को तत्काल सफाई की कार्रवाई का आदेश दिया।
बैठक में पुलिस आयुक्त ने विशेष जोर देकर कहा कि जो यौनकर्मी इस पेशे को छोड़कर समाज की मुख्यधारा में आना चाहती हैं, उनके लिए प्रशासन आने वाले दिनों में कई विशेष कदम उठाएगा। उन्होंने चिंता जताई कि क्षेत्र में यौनकर्मियों और आवासों की संख्या लगातार बढ़ रही है, साथ ही आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर भी चर्चा हुई।
संस्थाओं को निर्देश दिया गया कि वे महिलाओं की काउंसलिंग कर उन्हें जागरूक करें, ताकि नई आने वाली महिलाएं भी मुख्यधारा में लौट सकें और रोजगार के नए अवसर तलाशे जा सकें। उन्होंने कहा कि यह काम बिना किसी दबाव के पारदर्शी तरीके से करें, पुलिस हर समय उनके साथ खड़ी है।
इस मौके पर पुलिस आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा, “यह एक सामान्य बैठक थी, जिसमें यौनकर्मियों की समस्याओं और क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण को लेकर चर्चा हुई। आने वाले समय में दिशा को फिर से सक्रिय कर कई विकास कार्यों को बढ़ाया जाएगा।”
वहीं न्यायाधीश आम्रपाली चक्रवर्ती ने कहा, “क्षेत्र में यौनकर्मियों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। हमारा मुख्य प्रयास इन्हें जागरूक कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।”
मौके पर दिशा जनकल्याण केंद्र से रजनी दास, डॉ. कुंडू और दुर्बार समिति से रवि घोष, अंजली पाल, माला सिंह, बेला अधिकारी, सायरा बाग, ज्योति कुमारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।










