दिनांक 23 नवंबर 2023 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति बर्नपुर- आसनसोल की द्वितीय छमाही (वर्ष 2023 24 के लिए) की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आसनसोल मंडल को राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन हेतु अध्यक्ष बर्नपुर-आसनसोल नराकास एवं निदेशक प्रभारी बर्नपुर व दुर्गापुर इस्पात संयंत्र महोदय द्वारा चल वैजयंती शील्ड का द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि आसनसोल नगर में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अंतर्गत केंद्र सरकार के 48 कार्यालय हैं। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति उस नगर में गठित की जाती है जहां केंद्रीय सरकार के कम से कम10 कार्यालय अवस्थित हों। प्रत्येक सदस्य कार्यालय के अनुभागों में राजभाषा नीति के तहत कितने प्रतिशत कार्य राजभाषा हिंदी में किए जाते हैं इसके आधार पर पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी उपस्थित थे। शील्ड मिलने पर मंडल रेल प्रबंधक श्री चेतनानंद सिंह एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी ने मंडल के राजभाषा विभाग के साथ-साथ कार्मिकों को भी बधाई दी।


















