श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्मशान काली मंदिर के पास स्थायी पुल का निर्माण
सीतारामपुर: पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं कुल्टी के दो बार के विधायक माननीय डॉ. अजय कुमार पोद्दार जी के सार्थक प्रयास से सीतारामपुर विदाई गढ़ वार्ड नंबर 19 स्थित श्मशान काली मंदिर के समीप घुरघुरया नदी पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगभग 30–35 फुट लंबे छोटे लकड़ी, लोहा पुल का निर्माण कराया गया है।
यह पुल वार्ड संख्या 19 और 20 की सीमा पर स्थित है। सावन के दौरान प्रत्येक सप्ताह लगभग 5,000 से 10,000 श्रद्धालु इस मार्ग से होकर वार्ड 20 स्थित चंद्रचूड़ बाबा मंदिर में जलाभिषेक के लिए जाते हैं। नदी का जलस्तर भले ही सामान्य दिखाई देता हो, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण इस स्थान पर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा एक बड़ी चिंता रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दशकों से यहां स्थायी पुल की मांग की जाती रही, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इससे पहले श्रद्धालुओं को अस्थायी व्यवस्था, रस्सी अथवा संकरे मार्ग के सहारे नदी पार करनी पड़ती थी।
इस वर्ष सावन के शुरुआती दो सप्ताह में भाजपा संगठन एवं कार्यकर्ताओं की पहल पर अस्थायी पुल की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाया गया। वहीं, अब मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार के प्रयास से आसनसोल नगर निगम के माध्यम से स्थायी रूप से पुल की व्यवस्था कर दी गई है। इससे सावन के शेष सप्ताहों में श्रद्धालु अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
इस अवसर पर भाजपा आसनसोल जिला के मीडिया इंचार्ज एवं कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के मंडल उपाध्यक्ष टिंकू वर्मा जी ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुए पहले दो सप्ताह हमारे आसनसोल भाजपा जिला के महासचिव केशव पोद्दार जी के नेतृत्व में अपनी जिम्मेदारी निभाई और अस्थायी व्यवस्था की। अब मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार जी के प्रयास से स्थायी समाधान उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्या का तत्काल समाधान करना और अंतिम व्यक्ति तक सुविधा पहुंचाना ही भाजपा की प्राथमिकता है। डॉ. अजय कुमार पोद्दार जी के नेतृत्व में कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सफाई, जल निकासी, यातायात एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
श्रद्धालुओं ने पुल निर्माण के लिए मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ सुरक्षित रूप से बाबा का जलाभिषेक करना संभव हो सकेगा।
टिंकू वर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में भी जनहित से जुड़े कठिन से कठिन कार्यों को समाधान तक पहुंचाने के लिए संगठन और कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जनता के साथ खड़े रहेंगे।



















