नितुरिया में 25 टन नकली टीएमटी बार जब्त, डीईबी ने संभाली जांच
पुरुलिया : नितुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 25 टन संदिग्ध नकली टीएमटी बार बरामद किए हैं। एक चर्चित ब्रांड के नाम पर इन बार की कथित तौर पर स्टॉकिंग, सप्लाई और बिक्री किए जाने की शिकायत के बाद पुलिस ने 25 सितंबर को कार्रवाई की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरुलिया डीईबी ने जांच अपने हाथ में ले ली है।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई नितुरिया स्थित मेसर्स पुरुलिया इस्पात एलॉय प्राइवेट लिमिटेड में की गई। आईपी लीगल एंड सर्विलांस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के जोनल हेड टोटन चक्रवर्ती ने इस संबंध में नितुरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सर्वे के दौरान ‘SUPER XT 600’ ब्रांड के नाम पर संदिग्ध नकली टीएमटी बार का अवैध रूप से भंडारण और बिक्री किए जाने की जानकारी मिली। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इससे वास्तविक निर्माता को आर्थिक नुकसान के साथ ब्रांड की प्रतिष्ठा प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायत के आधार पर नितुरिया थाने में मामला दर्ज किया गया। अब डीईबी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नकली टीएमटी बार की आपूर्ति कहां से हुई और इसके पीछे कोई बड़ा उत्पादन या सप्लाई नेटवर्क तो नहीं है। मामले की जांच जारी है।










