महा-मुसीबत: लगातार 4 दिनों की आफत वाली बारिश ने कुल्टी को किया बेहाल,त्योहार से ठीक पहले डूबा पूजा बाजार!
नरक’ बनीं बराकर की सड़कें: नाली के गंदे पानी के सैलाब में डूबा वार्ड नं 67, जनता त्रस्त, प्रशासन मस्त!

कुल्टी:दुर्गा पूजा के महापर्व में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं, जहां चारों तरफ रोशनी और रौनक होनी चाहिए थी, वहां आज कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में मायूसी और आक्रोश का माहौल है। लगातार 4 दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। इस बेमौसम आफत की सबसे बड़ी गाज बराकर,कुल्टी,नियामतपुर बाजार के व्यापारियों पर गिरी है। पूजा के जिस सीजन में पैर रखने की जगह नहीं होती थी, आज वहां की सड़कें पूरी तरह सूनी और सन्नाटे से घिरी नजर आ रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बारिश ने त्योहारों के धंधे की कमर तोड़ कर रख दी है।सड़कों पर बह रहा है नाली का गंदा पानी, चलने को मजबूर हैं लोग आसमान से बरसती आफत के बीच स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की पोल भी पूरी तरह खुल गई है। नालियों की समय पर सफाई न होने के कारण स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। बारिश का पानी निकासी न मिलने की वजह से गलियों और सड़कों पर ओवर फ्लो हो रहा है। आलम यह है कि नाली का बदबूदार और गंदा पानी मुख्य रास्तों पर आ चुका है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।वार्ड नंबर 67 में फूटा जनता का गुस्सा!इस जल जमाव और प्रशासनिक अनदेखी का सबसे खौफनाक मंजर बराकर के वार्ड नंबर 67 के विभिन्न इलाकों में देखने को मिल रहा है। यहां की हर गली और रास्ता तालाब में तब्दील हो चुका है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि त्योहार के मुहाने पर खड़े होने के बाद भी सुध लेने वाला कोई नहीं है। अगर जल्द ही नालियों की सफाई कर पानी नहीं निकाला गया, तो इस बदबू और गंदगी से महामारी फैलने का खतरा भी मंडराने लगेगा।










