

सांकतोड़िया : इलाज के बाद वेल्लोर से लौटते समय, पुरुलिया जिले के हुड़ा पुलिस स्टेशन के निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्य ओडिशा के बालेश्वर में ट्रेन दुर्घटना का शिकार हो गए।
घायलों में से एक से परिजन बात कर पाए, लेकिन बाकी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार व्यथित है।
जानकारी के अनुसार ट्रेन हादसे में पुरुलिया के हुड़ा थाने के रहने वाले संजय पाल, उनकी बहन अर्चना पाल और अर्चना पाल का 10 वर्षीय बेटा ट्रेन दुर्घटना कि चपेट में आ गए।
वेल्लोर से लौटते समय रास्ते में ट्रेन दुर्घटना हुई। अभी तक घायल अर्चना पाल के साथ परिवार वालों की बातचीत हुई है पर संजय पाल और अर्चना पाल के बेटे सुमन पाल का परिवार से संपर्क नहीं हो सका है। लिहाजा उनके परिजन घटना को लेकर चिंतित हैं।
अर्चना पाल की सास कादु पाल ने बताया कि चिकित्सा के लिए वे लोग वेल्लोर गए थे। सोमवार को लौट रहे थे इसी बीच ट्रेन हादसा हो गया। इस दौरान हादसे में घायल अर्चना पाल से तो संपर्क हुआ। पर 10 वर्ष सुमन पाल और संजय पाल का पता नहीं चल पा रहा है।









