आसनसोल, 17 नवंबर, 2023 :
यात्रियों की सुरक्षा व संरक्षा बढ़ाने के एक ठोस प्रयास में, आसनसोल मंडल ने त्योहारी सीजन के दौरान स्टेशन परिसर और ट्रेनों के भीतर पटाखों और ज्वलनशील वस्तुओं को लाने-ले जाने के खिलाफ व्यापक जांच और अभियान चलाया है। आसनसोल मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों, यथा – जसीडीह, मधुपुर, सिमुलतला, आसनसोल, दुर्गापुर, अंडाल, पानागढ़ आदि पर विशेष जाँच अभियान चलाया गया है।
आसनसोल मंडल ने आसनसोल स्टेशन के साथ-साथ ट्रेनों में हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी), डॉग स्क्वॉड और सामान स्कैनर का प्रयोग किया है।
प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने और भीड़ को कुशलतापूर्वक प्रबंधित करने के लिए, विशेष रूप से आसनसोल स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के लिए समर्पित कर्मियों को नियुक्त किया गया है।

इसके अतिरिक्त, मंडल ने रणनीतिक रूप से सतर्क पर्यवेक्षण और समन्वय के लिए सहायक सुरक्षा आयुक्त/आसनसोल टीम को जसीडीह में और सहायक सुरक्षा आयुक्त/अंडाल टीम को पानागढ़ में तैनात किया गया है।
यह पहल यात्री सुरक्षा के प्रति आसनसोल मंडल की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है और रेलवे नेटवर्क के भीतर समग्र सुरक्षा वृद्धि में योगदान देती है। मंडल सुरक्षित और सुखद यात्रा अनुभव के लिए सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने में यात्रियों और जनता के सहयोग को प्रोत्साहित करता है!




















