लिटिल थेस्पियन द्वारा जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल में ‘नाट्य कार्यशाला’ का सफल आयोजन

कोलकाता, 11 अगस्त 2026 : जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल में आज एक दिवसीय ‘नाट्य कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला प्रसिद्ध हिंदी थिएटर समूह ‘लिटिल थेस्पियन’ के सहयोग से ‘थिएटर-इन-एजुकेशन’ के अंतर्गत आयोजित की गई।
कार्यशाला का निर्देशन लिटिल थेस्पियन की अध्यक्ष उमा झुनझुनवाला ने किया। इस कार्यशाला को सफल बनाने में मो. आसिफ अंसारी, गुंजन अज़हर और हीना परवेज ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को रंगमंच की मूल बातों से परिचित कराना और उनके व्यक्तित्व विकास में मदद करना था।

इस दौरान छात्रों ने रंगमंचीय खेल, वॉइस और बॉडी एक्सरसाइज, इम्प्रोवाइजेशन और मंचीय अभिनय की बारीकियों को सीखा। उमा झुनझुनवाला ने बच्चों को मंच के डर को दूर करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, संवाद कौशल सुधारने और टीमवर्क के महत्व के बारे में बताया।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं बच्चों के समग्र विकास के लिए बहुत आवश्यक हैं। रंगमंच न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह बच्चों में अनुशासन, सहानुभूति और आत्म-अभिव्यक्ति का गुण भी विकसित करता है।

कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के सभी शिक्षकों ने भी इस कार्यशाला को सुचारु रूप से सम्पन्न करने में अपना सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने लिटिल थेस्पियन, उमा झुनझुनवाला और उनके पूरे दल के प्रति आभार व्यक्त किया।











