आसनसोल में अवैध लोहा कारोबार पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, तीन थाना क्षेत्रों में देर रात ताबड़तोड़ छापेमारी
आसनसोल, पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डीडी (डिटेक्टिव डिपार्टमेंट) ने सोमवार देर रात अवैध लोहा तस्करी और चोरी के लोहे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में कथित तौर पर चोरी का लोहा बरामद किया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने सबसे पहले बर्नपुर के हीरापुर थाना क्षेत्र स्थित नर्सिंग बांध-कलाली इलाके में एक कबाड़ गोदाम पर छापा मारा। भारी मात्रा में लोहा बरामद किया। यह कबाड़ गोदाम स्थानीय निवासी सोनू साव का बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके गोदाम के साथ-साथ घर की तलाशी भी ली, जहां से भी कारखाने से चोरी हुआ लोहा बरामद होने का दावा किया गया। मौके से सोनू साव को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान सोनू साव की निशानदेही पर डीडी विभाग की टीम आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी इलाके में पहुंची। वहां स्थित एक अन्य कबाड़ गोदाम में तलाशी के दौरान भी भारी मात्रा में कथित चोरी का लोहा बरामद किया गया।
इसी दौरान डीडी विभाग की एक अन्य टीम ने आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के रेलपार इलाके में छापेमारी की। यहां सज्जाद उर्फ चिकना के बताए जा रहे कबाड़ गोदाम से भी भारी मात्रा में अवैध लोहा बरामद किया गया। हालांकि इस छापेमारी में किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी के लोहे के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा बरामद लोहा किन-किन औद्योगिक इकाइयों से चोरी किया गया था। पुलिस का मानना है कि जांच में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।










